जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षक आवास पर लगे कूलर के आसपास जांच करती टीम।
- फोटो : amar ujala
बुखार और डायरिया के बाद जिले में डेंगू के मच्छरों ने भी पांव पसार लिए हैं। जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग को नवोदय विद्यालय और एक सरकारी विद्यालय में डेंगू फैलाने वाले मच्छर के लार्वा मिले हैं। टीम ने इसे नष्ट कराया दिया। साथ ही विद्यालय के शिक्षकों को संदेश पत्र देकर सावधान रहने को कहा है।
डेंगू नियंत्रण के लिए ब्रीडिंग चेक (मच्छर के लार्वा) कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मलेरिया विभाग ने शनिवार को मानिकपुर के खरौंध स्थित शहीद भगत सिंह नगर स्थित सरकारी विद्यालय के गमलों में डेंगू के मच्छर पाए। सीनियर मलेरिया इंस्पेक्टर आरके सिंह ने बताया कि पांच गमलों में मच्छर के लार्वा मिले हैं। इसके अलावा नवोदय विद्यालय मानिकपुर के शिक्षकों के आवास में लगे कूलर और आसपास जांच की गई। पांच कूलरों में डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा मिले हैं।
उन्होंने बताया कि सरकारी विद्यालय की प्रधानाध्यापक राधा गुप्ता और नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य टीएन त्रिपाठी को पूरे मामले की जानकारी दी गई है। जांच टीम के कलेक्शन प्रभारी राजेश चंदेल ने बताया कि फिलहाल नष्ट कराने के लिए पानी गिराकर स्वच्छता और सावधानी का संदेश दिया गया है। जांच टीम ने सभी स्थानों पर दवा का छिडकाव भी कराया। इस दौरान राजनारायण, संतोष व गंगनेश आदि मौजूद रहे।
डेंगू से बचाव के बताए जाएं उपाय
चित्रकूट। सीनियर मलेरिया इंस्पेक्टर आरके सिंह ने बताया कि डेंगू जनित मच्छर स्वच्छ पानी में भी होते हैं। गमले, कूलर व टायर में भरे पानी को समय-समय पर बदलते रहना चाहिए। दोनों स्कूल के शिक्षकों को संदेश पत्र दिया गया है जिसमें यह कहा गया है कि प्रतिदिन प्रार्थना के समय बच्चों को डेंगू से बचाव के तरीके बताएं।