चित्रकूट। प्रदेश की कानून व्यवस्था व अपराध बढ़ने के आरोप लगाकर सपाइयों ने सोमवार को जिलाध्यक्ष की अगुवाई में मुख्यालय में प्रदर्शन किया। सपाई बस स्टैंड से जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट को निकले और पुलिस के रोकने पर सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे।
मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम व पुलिस अधिकारियों से भी सपाइयों की तीखी नोंकझोंक हुई। इसके बाद धरने पर बैठे सपाइयों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सदर एसडीएम रामप्रकाश को सौंपा।
सपा कार्यकर्ता प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पार्टी कार्यालय से झंडा बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए जुलूस निकालने लगे। इस पर शहर कोतवाल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो सपाई एलआईसी तिराहे पर सड़क पर बैठ कर विरोध जताने लगे।
इस पर सदर एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर राज्यपाल संबोधित ज्ञापन लिया। ज्ञापन में कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहद गंभीर है। हत्या, लूट, अपहरण व दुष्कर्म की घटनाएं रोकने में सरकार विफल है।
जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। अपराध में प्रदेश पहले स्थान पर है। दलित, वंचित व कमजोर वर्गों की अनदेखी चिंता का विषय है। महिलाओं व बेटियों की जिंदगी असुरक्षित है। हर दिन मानवता को शर्मसार करने वाली घटनाएं हो रही हैं।
इस दौरान पूर्व विधायक वीर सिंह, महासचिव फराज खां, रामबाई वर्मा, मो. गुलाब खां, सत्यनारायण पटेल, राजीव लोचन त्रिपाठी, नरेंद्र यादव, राजेंद्र यादव, अमृतलाल गुप्ता, निजामुद्दीन सिद्दीकी, राकेश यादव, आशुतोष अग्रहरि, अनुज निगम, नवनीत सोनी, लल्लू मोदनवाल व राधेश्याम निषाद मौजूद रहे।