चित्रकूट। शहर के कर्वी माफी मोहल्ले के विद्यानगर के 28 परिवारों को जमीन खाली कराने का नोटिस दिया गया है। साथ ही टैक्स जमा करने के भी निर्देश हैं। इसके विरोध में शुक्रवार को लोगों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री संबोधित ज्ञापन एसडीएम पूजा साहू को सौंपा।
मोहल्ला निवासियों ने तहसील परिसर में कहा कि सरकार की तरफ से 25 साल पूर्व आवासीय पट्टे दिए गए थे। अब जमीन खाली करने और टैक्स जमा करने के लिए नोटिस भेज दिया। ज्ञापन मेंं कहा कि आवासीय पट्टा का आवंटन लेखपाल ने जमीन नाप कर कब्जा भी कराया था। इसके बाद सभी मकान बना लिया। बिजली व नल कनेक्शन भी सभी के नाम है। कई ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना से घर बनाया है।
आरोप लगाया कि एक जमीन माफिया ने झूठी शिकायत की है। वह सभी को आए दिन जमीन खाली कराने की धमकी देता है। उसी के कहने पर प्रशासन ने नोटिस जारी किया है। इसकी जांच कराई जाए। गुलाब रानी, पंचगोपाल, सोहन, रामभवन, चंद्रपाल, हरिश्चद्र, कामता प्रसाद, चंदनिया, लवलेश,शिवमंगल, रमाशंकर, शिवकुमार, शिवजीत, रामभजन, सीमा, सुखरानी, बाबूलाल, बुधवा आदि मौजूद रहे।