12 सीकेटीपी-10- परिचय- कोषागार घोटाले मामले में एडीएम को ज्ञापन सौंपते भाकपा कार्यकर्ता। संवाद
चित्रकूट। कोषागार में हुए घोटाला समेत अन्य समस्याओं को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन एडीएम उमेश चंद्र निगम को देकर सीबीआई जांच कराने की मांग की।
पार्टी के जिला सचिव अमित यादव ने कहा कि जिले में कोषागार में कई करोड़ का घोटाला हुआ है। एक आरोपी की मौत भी हो चुकी है। जांच के नाम पर लीपापोती का प्रयास किया जा रहा है। इस खेल में बडे़ अधिकारी भी शामिल हैं। जबकि कर्मचारियाें व पेंशनधारकों को ही पुलिस परेशान कर रही है। मामले की सीबीआई जांच कराई जाए।
कहा कि कोषागार के कर्मचारी संदीप कुमार श्रीवास्तव की मौत के मामले की भी जांच होनी चाहिए। उसको मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया है। ज्ञापन में मांग की है कि कोषागार घोटाला की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जिले के विकास के लिए अन्य विभागों में आने वाले बजट की भी जांच की जाए। इस मौके पर रामसजीवन, ब्रजभूषण, बुद्धविलास आदि मौजूद रहे।