चित्रकूट। आस्था का पर्व दीपदान मेला धर्मनगरी में धनतेरस के साथ शुरू हो गया। पांच दिन तक चलने वाले इस मेले के पहले ही दिन लाखों श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी मेें डुबकी लगाकर दीप प्रवाहित कर परिवार समाज के कल्याण की प्रार्थना की। गुलाबी ठंड में ट्रेन व बसों में ठसाठस बैठकर श्रद्धालुओें की टोली रामघाट की ओर पहुंचती देखी गई। सभी स्थानों पर श्रद्धालुओं का डेरा दिखाई पड़ रहा है। धर्मनगरी के सबसे बड़े मेले दीपावली के पहले दिन मुख्यालय समेत आस पास के रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओें की भीड़ उतरी जिसमें आधे तो पैदल ही 10-15 किमी का सफर तय कर रामघाट पहुंचे। लाखों श्रद्धालुओं ने तो डेरा जमा लिया। इससे सभी लॉज व धर्मशालाएं हाउस फुल हो गईं। पहले ही दिन नजारा यह रहा कि सुरक्षित स्थान न मिलने पर सैकड़ों श्रद्धालुओं को दुकान व मंदिर की सीढ़ियों के पास बैठे देखा गया। मंदाकिनी में डुबकी लगाकर हजारों श्रद्धालुओं ने दीपदान भी किया। इसके बाद कामतानाथ मुख्यद्वार पहुंचकर भी दीपदान कर परिक्रमा लगाई।
पहले ही दिन छूटे पसीने
चित्रकूट। पहले ही दिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने पर ड्यूटी में मौजूद पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेलवे स्टेशन से लेकर रामघाट व मुख्यद्वार तक कई बार जाम की स्थिति बनी। डीएम मोनिका रानी व एसपी दिनेश पाल सिंह ने मेला क्षेत्र का शाम को निरीक्षण किया। कुछ ऐसा ही मप्र क्षेत्र के तीर्थक्षेत्र में हाल रहा। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ दीपदान के लिए पहुंच चुकी है। 30 अक्टूबर को दीपावली का पर्व मनाया जाएगा।
रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त फोर्स
चित्रकूट। यूपी-एमपी क्षेत्र की धर्मनगरी में दीपदान मेले के लिए लगभग तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा मुख्यालय समेत चित्रकूट जिले के सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व सुरक्षित यात्रा कराने के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाया गया है। जीआरपी प्रभारी ए अमला ने बताया कि सभी स्टेशनों पर लगभग 100 अतिरिक्त जवान तैनात हैं।
रामघाट रोशनी से नहाया
चित्रकूट। दीपदान मेले के पहले दिन रामघाट समेत सभी मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई है। यह सजावट हर श्रद्धालु को लुभा रही है। गुलाबी ठंड के बीच धर्मनगरी में मौजूद लाखों श्रद्धालुओेें से मेला क्षेत्र गुलजार है। खासकर रामघाट में बिजली के उपकरणों की सजावट देखते ही बनती है।