फोटो नंबर- 2, 3 व 4-
दोस्त के घर से पार्टी कर घर लौट रहा था कौशांबी का युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
राजापुर (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के ग्राम कनकोटा भदेहदू पुल के पास गड्ढे में युवक का शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कौशांबी जिले के जाठी गांव निवासी नेहा ने बताया कि पति राहुल मिश्रा (30) रविवार की शाम राजापुर के भदेहदू निवासी दोस्त कुलदीप सिंह के यहां पार्टी में गए थे। देर रात बाइक से घर के लिए चलने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस से सूचना मिली कि राहुल की रास्ते में मौत हो गई है। पति बाइक सड़क किनारे गड्ढे में गिरे मिले हैं। बाइक के अगले हिस्से में कुछ नुकसान है। हेलमेट पास में ही पड़ा था। राहुल सिर के बल पड़े थे, नाक से खून निकल रहा था। उसने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि लोगों का कहना है युवक बाइक समेत गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
ग्राम प्रधान जगदीश शुक्ला की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह फोरेंसिक व अन्य जांच टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि राहुल का भाई रोहित भोपाल में है। उसके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
इनसेट
हत्या की आशंका जताने पर पुलिस ने राहुल के दोस्त भदेहदू निवासी कुलदीप सिंह को जांच के लिए थाने में बैठाया है। पूछताछ में बताया कि रविवार को राहुल पार्टी में आया था। सभी ने मिलकर खाना खाया। इसके बाद राहुल से दोस्तों ने रात में रुकने के लिए कहा, लेकिन उसने करवा चौथ होने की बात कहकर रात में ही निकल गया।
इनसेट
बैग गायब
पत्नी ने बताया कि पति घर से पिट्ठू बैग लेकर चला था। उसमें कुछ कपड़े और अन्य सामग्री थी। घटनास्थल पर बैग नहीं मिला। हेलमेट बिल्कुल बाइक के पास रखा था। यदि दुर्घटना होती तो हेलमेट क्षतिग्रस्त या इधर-उधर पड़ा होता। राहुल के एक पैर में जूता था, जबकि एक जूता दूर पड़ा मिला है।