ख्यालय के रेलवे स्टेशन के गेट से गायब कप्तान सिंह कुशवाहा (फाइल फोटो)।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
नि:शक्त बेटी अपने मंदबुद्धि पिता का इलाज कराने मुख्यालय आई तो रेलवे स्टेशन के पास से वह अचानक गायब हो गए। इससे परेशान बेटी कभी जीआरपी तो कभी कोतवाली में भटकती रही। इससे उसे कोई मदद नहीं मिली।
ग्वालियर मप्र के कुशवाहा कालोनी हरीरामपुरा निवासी प्रीती कुशवाहा ने बताया कि बुधवार को वह अपने पिता कप्तान सिंह(55) पुत्र नाथू का इलाज कराने के लिए बुंदेलख्ंाड एक्सप्रेस से चित्रकूट आई थी। सुबह स्टेशन के सामने एक डाक्टर से मिलने के लिए जैसे की गेट तक पहुंची तो भीड़ में उसके पिता गायब हो गए।
काफी देर तक उनकी तलाश की लेकिन कहीं उनका पता नहीं चल सका। प्रीति ने बताया कि पिता का मानसिक स्वास्थ्य कुछ खराब है। उनके पास मोबाइल भी नहीं है। इसके बाद वह जीआरपी गई तो उसे यह कहकर भगाया गया कि मामला कोतवाली क्षेत्र का है। इसके बाद वह किसी तरह कोतवाली पहुंची तो वहां मामले की पूछताछ के बाद उसे फिर जीआरपी जाने को कहा गया।
परेशान प्रीति ने बताया कि लगभग चार घंटे तक पिता को तलाशने के बाद कई बार कोतवाली व जीआरपी गई लेकिन किसी ने कोई मदद नहीं की। आखिर में शाम को जीआरपी में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। इस मामले में कोतवाल सत्यपाल सिंह ने बताया कि उनके पास कोई नहीं आया अन्यथा वह रिपोर्ट दर्ज कर लेते।