चित्रकूट। डेढ़ लाख के इनामी डकैत गौरी गैंग ने अब इटवां की पौधशाला में पहुंचकर मजदूरों को धमकी देकर काम बंद करा दिया। वन विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार से चौथ पहुंचाने का संदेश देकर डाकू गैंग जंगल की ओर भाग निकला था। लगातार चौथे दिन भी पुलिस टीमें गैंग की तलाश कर रही हैं।
गौरतलब है कि 22 जून को डाकू गौरी गैंग ने रैपुरा वन रेंज के गाडाकछार गढचपा की पौधशाला पहुंचकर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। मजदूरों को धमकी देकर चौथ पहुंचाने तक काम बंद रखने को कहा था। इसके बाद 24 जून को रैपुरा वन रेंज के इटवां पौधशाला पहुंचा था और मजदूराें को धमकी देते हुए काम बंद करा दिया था। हालांकि अब दोनों जगह काम प्रगति पर है। डीएफओ कैलाश प्रकाश व रेंजर राधेश्याम ने बताया कि पुलिस सुरक्षा में पौधशाला में ट्रैक्टर से पौधे पहुंचाये गए हैं और दोनों गढचपा व इटवां में काम चल रहा है। कुछ मजदूर कम हैं जिसके लिए बाहर से मजदूर मंगाए जा सकते हैं।
डाकू गौरी गैंग की धरपकड़ को यूपी एमपी की पुलिस टीमें अपने अपने क्षेत्र में सर्चिंग कर रहीं है। चित्रकूट जिले की छह पुलिस टीमों ने जंगलों में कॉबिंग की। थाना रैपुरा पुलिस ने टीम के साथ गौरिहा व बिलहा के जंगल, स्वाट टीम ने चुरेह केसरुआ के जंगल, बहिलपुरवा पुलिस व पीएसी ने ददरी माफी व माढ़ों बंधा के जंगल, मानिकपुर पुलिस ने खदरा के जंगल, सरैया पुलिस ने रेउहाई के जंगल, मारकुंडी पुलिस ने पीएसी टीम के साथ अमरावती के जंगलों में सघन कांबिंग की है।