बलखड़िया की मौत के बाद गिरोह की कमान संभाले बबुली कोल ने रंगदारी के लिए शुक्रवार रात मारकुंडी थाना क्षेत्र के कुसुमुही गांव में सड़क निर्माण में लगे मजदूरों को जमकर मारापीटा। गांव के एक व्यक्ति ने हस्तक्षेप किया तो उसकी भी जमकर पिटाई की। डरे सहमे मजदूरों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर जिला अस्पताल में इलाज भी कराया। मारकुंडी थानाध्यक्ष श्रवण कुमार सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी तो हुई है पर किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।
पीडब्ल्यूडी द्वारा कुसुमुही गांव के पास लगभग डेढ़ किमी संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें लगभग पांच सौ मीटर की फिनिशिंग का काम बाकी है। इसमें काम करने वाले मजदूर पास में ही रहते हैं। शुक्रवार देर रात वहां कुछ बदमाश असलहों से लैस होकर आए और काम बंद करने को कहा। इन बदमाशों ने मजदूरों के साथ मारपीट भी की। वहीं पास के गांव बरगहा निवासी करिया कोल पुत्र छोटा ने जब इसका विरोध किया तो उसे भी जमकर धुना। मारकुंडी एसओ श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि इतने बीहड़ में यह काम छुटभैयों का नहीं हो सकता है।
पूरी आशंका है कि यह हरकत बबुली कोल और उसके साथियों ने की है। उन्होंने बताया कि हालांकि इस संबंध में किसी ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी। पता चला है कि मजदूरों ने जिला अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया है। उन्होंने बताया कि जानकारी की जा रही है। बीहड़ में निर्माण कार्य कराने पर संबंधित ठेकेदार को सूचना पुलिस को देनी चाहिए थी। अगर पुलिस संरक्षण मांगा जाएगा तो दिया जाएगा और काम पूरा कराया जाएगा। माना जा रहा है कि बबुली ने इलाके में धाक जमाने और रंगदारी के लिए यह काम रुकवाया है।