सीतापुर चौकी क्षेत्र के रानीपुर भट्ट गांव में के एक घर पर रविवार रात दर्जनभर असलहाधारी बदमाशों ने धावा बोला। परिवार के सात लोगों को जमकर मारा पीटा। पांच लोगों की स्थिति गंभीर होने पर जिला अस्पताल से इलाहाबाद रेफर कर दिया गया है। मकान मालिक के अनुसार बदमाश करीब पांच लाख के जेवर लूट ले गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बेड़ी पुलिया से सीतापुर मार्ग के पास रानीपुर भट्ट गांव में रामनारायण (55) का मकान है। राजमिस्त्री रामनारायण रविवार को परिवार के साथ सो रहे थे कि रात करीब 12 बजे असलहे, कुल्हाड़ी व डंडों से लैस दर्जनभर बदमाशों ने धावा बोल लिया। बदमाशों ने रामनारायण, उनकी पत्नी जनक दुलारी और बेटे कमलेश एवं प्रदीप और जलदीप को डंडे से पीटा। चीखने पर कट्टा सटा कर जान से मारने की धमकी दी।
हलचल पर कमरे में जो रही उनकी बेटी गुड़िया, व कमलेश की पत्नी मानदेवी बाहर निकली तो बदमाशों ने उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे दोनों भी लहूलुहान होकर गिर पड़ी। इसके बाद बदमाशोें ने चाभी छीन ली। घर में रखी करीब 50 हजार की नगदी व साढे छह लाख के जेवर लूट ले गए। बदमाशों के जाने के बाद गांव वालों ने रात करीब डेढ़ बजे सीतापुर चौकी प्रभारी नीरज यादव को सूचना दूी।
वे फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसपी को सूचना दी गई। जनकदुलारी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती की रिपोर्ट दर्ज की है। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां रामनारायण, जानकी, कमलेश, मानदेवी और गुड़िया की हालत गंभीर होने पर इलाहाबाद रिफर कर दिया गया।