मानिकपुर( चित्रकूट)। एक सप्ताह के अंदर साढ़े पांच लाख के इनामी डाकू गौरी यादव गैंग ने रंगदारी वसूलने के लिए डाई चेकडैम के निर्माण कार्य को रविवार को रुकवाकर चार लाख रुपये की मांग की। इस दौरान वन विभाग के दो वन वाचरों को गैंग के सदस्यों ने बंदूक की बटों से पीटा और मजदूरों को धमकाकर भगा दिया। रंगदारी देने के बाद ही काम शुरू करने की चेतावनी दी है। उधर, वन विभाग के रेंजर ने बहिलपुरवा थाने में तहरीर दी है।
दो वन वाचरों की पिटाई की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल वाचरों को मानिकपुर सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं घटना की जानकारी पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मजदूरों से पूछताछ की। साथ ही वनकर्मियों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के ददरी वन बीट क्षेत्र में डाई चेकडैम का निर्माण कार्य हो रहा है। रविवार की शाम को मनरेगा के तहत दो दर्जन मजदूर काम कर रहे थे।
कुछ देर बाद ही आधा दर्जन असलहाधारी डाकू पहुंचे और मजदूरों को धमकाते हुए काम बंद करा दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद वन विभाग के वाचर जमुनिहाई निवासी मथुरा प्रसाद और बेलहरी के बंशीधर को पकड़ कर बंदूक की बटों से पीटा। वन कर्मियों की पिटाई कर रहे डाकुओं ने अपने आप को डाकू गौरी यादव गैंग का सदस्य बताया। डाकुओं ने चार लाख रुपये की रंगदारी पहुंचाने के बाद ही काम शुुरू करने की धमकी देते हुए चले गए।
डाकुओं के जाने के बाद पिटाई से घायल वन वाचरों ने मोबाइल से अफसरों को जानकारी दी। सूचना पर मौके पर डीएफओ कैलाश प्रकाश और मारकुंडी वन रेंजर रमेश यादव अन्य अफसरों और कर्मियों के साथ पहुंचे। बहिलपुरवा थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। डीएफओ ने बताया कि डाकू गौरी गैंग ने रंगदारी मांगने के लिए वारदात की है। इसकी जानकारी एसपी अंकित मित्तल को दी गई है।
रेंजर रमेश यादव ने बताया कि दोनों घायल वन वाचरों को इलाज के बाद गांव भेज दिया गया है। उधर, एसओ ने बताया कि डकैतों के खिलाफ अभियान पहले से चल रहा है। गौरतलब है कि इसी सप्ताह में डाकू गौरी गैंग ने भाजपा नेता व ठेकेदार से सड़क का काम रुकवाकर साढे़ सात लाख की रंगदारी मांगी थी।
दिल्ली के दरोगा को गोली मार की थी हत्या
डाकू गौरी यादव गैंग पर यूपी और एमपी के कई थाना क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। लगभग दस साल पहले दिल्ली से भागे एक अपराधी को पकड़ने जब दिल्ली पुलिस की टीम बेलहरी गांव के पास पहुंची थी तो इसी गैंग ने पुलिस पर फायरिंग झोंक दी थी जिससे दरोगा भगवान राम की मौत हो गई थी।
कुख्यात डाकू ददुआ ठोकिया व बबुली कोल के मारे जाने के बाद लगा कि दस्यु विहीन क्षेत्र हो गया है। हाल ही में मानिकपुर विधानसभा का उपचुनाव भी डकैतों के फरमान से अछूता रहा था। इसी दौरान हर बार डाकू गौरी यादव के खिलाफ पुलिस व एसटीएफ का नरम रुख सबको आश्चर्य में डालता रहा।
डाकू की तलाश में जंगल पहुंची पुलिस
डकैत गौरी यादव गैंग ने जिस अंदाज में सिर उठाना शुरू किया है उससे पुलिस महकमा अलर्ट हो गया है। यूपी और एमपी की पुलिस टीमें जंगलों में सर्चिंग कर इस पर लगाम लगाने का प्रयास कर रही हैं। चित्रकूट एसपी अंकित मित्तल व सतना एसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर बहिलपुरवा मारकुंडी के अलावा मप्र के नयागांव व मझगवां क्षेत्र में पुलिस टीमें नियमित जंगली क्षेत्र में भ्रमणशील हैं।
सोमवार को बहिलपुरवा, मारकुंडी ददरी मडैययन, सपहा, नयापुरवा लखनपुर, बेलहरी व बराहमाफी के जंगल में चित्रकूट जिले की पुलिस टीमों ने डाकू गौरी यादव व उसके साथी संपत मवासी की तलाश की है। उधर, मझगवां थाना प्रभारी ओपी सिंह चोंगड़े, नया गांव थाना प्रभारी आरबी त्रिपाठी तराई क्षेत्र के मलगोसा, खदरा, रामनगर, खाखला व कडियन जंगल में डकैतों की सर्चिंग की है।
पंचायत चुनाव की आहट तो कारण नहीं
बडे़ नामी डकैतों के खात्मे के बाद अब इकलौते पंजीकृत बचे डाकू गौरी यादव गैंग ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। इसे पंचायत चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। डाकू गौरी की मां वर्तमान में ग्राम प्रधान है। 25 दिसंबर से ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। ऐसे में गांवों में प्रधानी का चुनाव लड़ने वाले लोग जुगत भिड़ाने में लगे हैं। पहले भी इस क्षेत्र में चुनावों में डकैतों का दबदबा रहा है।
कई बार तो क्षेत्र में उनके फरमान चलते रहे हैं, लेकिन ददुआ ठोकिया व बबली के मारे जाने के बाद से अबकी विस उपचुनाव शांति से हुआ था। अभी हाल ही में मारकुंडी थाना क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी ठेकेदार जयप्रकाश पांडेय ने एसपी अंकित मित्तल को सौंपे पत्र में डकैत गौरी गैंग के द्वारा सड़क निर्माण के एवज में रंगदारी मांगने पर सुरक्षा की फरियाद लगाई थी।
समाज विरोधी काम करने वाले किसी को भी कानून को हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। डकैत गौरी गैंग हो या अन्य बदमाश हों किसी को भी नहीं छोड़ा जाएगा। सरकारी काम में बाधा पहुंचाना बर्दाश्त नहीं होगा। जल्द ही इन्हें मार गिराया जाएगा।
-अंकित मित्तल, पुलिस अधीक्षक, चित्रकूट