बीस साल से फरार चल रहे बदमाश धर्मा को रामशैया जाने वाली सड़क के पास से पुलिस ने दबोच लिया। एसपी पवन कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बदमाश के पास से एक देशी तमंचा और चार कारतूस बरामद हुए हैं।
एसपी ने बताया कि क्राइम ब्रांच और चौकी सीतापुर की पुलिस को सोमवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिले के डी-1 गैंग का लीडर धर्मा यादव उर्फ धरमपाल पुत्र देवीदयाल यादव निवासी पोखरिया पुरवा मजरा रसिन थाना भरतकूप, संग्रामपुर तिराहे से रामशैया की ओर जा रहा है। इस पर पुलिस ने वहां घेराबंदी कर दी।
संग्रामपुर तिराहे से लगभग बीस कदम की दूरी पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। उन्होंने बताया कि धर्मा पर पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूट धाम परिक्षेत्र बांदा ने 12 हजार का और पुलिस उपमहानिरीक्षक रीवा परिक्षेत्र मप्र ने तीन हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी सीतापुर नीरज कुमार यादव, क्राइम ब्रांच के अब्दुल जब्बार और चौकी सीतापुर के हेमंत कुमार शामिल रहे।