फोटो 11 सीकेटीपी 24 पानी लेने के लिए हैंडपंप पर इकट्ठा लोग। संवाद
- फोटो : मृतक समीउल्ला।
राजापुर (चित्रकूट) । नगर पंचायत के कुसियापुरवा और काशीनगर में पेयजल संकट गहरा गया है। दो साल पहले भूमिगत अंडरग्राउंड पाइप लाइनें बिछाई गई थी, लेकिन आज तक घरों के नलों में एक बूंद पानी नहीं आया है। बढ़ती गर्मी के कारण क्षेत्र के अधिकांश हैंडपंपों ने काम करना बंद कर दिया है, जिससे लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
करीब दो वर्ष पहले ग्राम पेयजल योजना के तहत जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाई गई थी लेकिन आज तक घरों में नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। करोड़ों रुपये की यह योजना धरातल पर बेअसर साबित हो रही है। भीषण गर्मी में क्षेत्र के तीन हैंडपंपों में से दो का जलस्तर काफी नीचे चला गया है, जिससे उनमें से बहुत कम पानी निकल रहा है। एकमात्र चालू हैंडपंप पर सुबह से ही भारी भीड़ रहती है। इससे लगभग 50 परिवार पानी के लिए परेशान हैं। सभासद उर्मिला देवी ने बताया कि पूरे वार्ड में पानी की गंभीर समस्या है।
कई बार शिकायत और तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पेयजल संकट को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने तत्काल टैंकरों से पानी की व्यवस्था कराने, खराब हैंडपंपों को दुरुस्त कराने और पाइपलाइन योजना को शीघ्र चालू कराने की अपील की है। नगर पंचायत ईओ, एसडीएम फूलचंद्र यादव ने बताया कि इस समस्या का जल्द निदान कराया जाएगा।