प्रधानी के चुनाव में समर्थन न करने को लेकर गांव के बटाईदार से युवक का विवाद हो गया। इस पर उसने बटाईदार की पिटाई कर दी। जानकारी होने पर जब खेत मालिक शिकायत करने गए तो आरोपी युवक ने उसे गोली मार दी। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल को अस्पताल ले गए। गंभीर अवस्था में उसे इलाहाबाद रिफर किया गया है। उधर आरोपी बंदूक लेकर गांव से फरार है।
कुचारम गांव निवासी रामबरण ने बताया कि उसके भाई पप्पू गर्ग (35) का खेत गांव के कुन्ना रैदास बटाई पर लिए हैं। रविवार सुबह कुन्ना खेत पर काम कर रहा था, तभी जुगल किशोर पांडेय खेत पर आए और प्रधानी के चुनाव में उसके समर्थक को वोट नहीं देने की बात कहकर कुन्ना को पीट दिया। कुन्ना रोते हुए घर पहुंचा और घटना की जानकारी पप्पू गर्ग को दी। सूचना पाकर पप्पू आरोपी जुगुल के घर शिकायत करने गए तो वह भागकर अपने घर के अंदर घुस गया और अपनी लाइसेंसी बदूंक उठा लाया।
कहासुनी करते हुए उसने सीधा दो फायर कर दिया। जिससे गोली पप्पू के पेट के पास जा लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए बंदूक लेकर फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पाकर पहुंचे पप्पू के परिजन उसे पहाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
जहां से उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर देखकर इलाहाबाद रिफर कर दिया गया। एसओ केपी दुबे ने बताया कि कुन्ना की तहरीर पर राजधर द्विवेदी पूर्व प्रधान, जुगल किशोर और अश्वनी द्विवेदी के खिलाफ धारा 307 के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी जुगल किशोर पांडेय की तलाश की जा रही है।