चौकी क्षेत्र में 17 जुलाई को महिला को गोली मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी गोबरिया निवासी समीर खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से देशी राइफल, देशी तमंचा और दर्जन भर कारतूस मिले हैं। आरोपी ने बताया कि उसका इरादा महिला के साथ दुष्कर्म करना नहीं बल्कि उसके पति को जान से मारकर पिता की मौत का बदला लेना था।
17 जुलाई की सुबह लगभग तीन बजे शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव में एक महिला से मनमानी न कर पाने पर गोबरिया निवासी समीर खान पुत्र स्व. भोला खान ने पेट में गोली मार दी थी।
महिला ने बताया था कि समीर एक देशी राइफल व एक तमंचा लिए था। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास और हत्या का प्रयास की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। चौकी प्रभारी शरद चंद्र पटेल ने बताया कि आरोपी को बुधवार को भरथौल नहर पुलिया के मार्ग पर दबोचा गया था। पूछताछ में घटना में प्रयुक्त तमंचा व खोखा के साथ ही एक देशी रायफल और एक दर्जन कारतूस बरामद हुए हैं।
गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को बांदा जेल भेजा।
इस दौरान समीर खान ने बताया कि उसके पिता की मौत लगभग आठ साल पहले जंगल में एक नाले के पास हुई थी। जिस महिला को गोली लगी है उसके पति व परिजनों से गांवदारी को लेकर मारपीट हुई थी। शक है कि महिला के पति ने ही उसके पिता को मारा है। इसी का बदला लेने के लिए वह महिला के घर गया था। उसे यह नहीं पता था कि उसका पति बाहर चला गया है। जब वह उसके घर पहुंचा तो महिला से उसके बारे में पूछा था जिसमें छीना झपटी में गोली चल गई थी। चौकी प्रभारी ने बताया कि घटना स्थल से लेकर इससे जुड़े प्रकरण को देखते हुए लगता है कि आरोपी के दावे में सच्चाई है।