पहाड़ी(चित्रकूट)। अनियंत्रित पिकअप ने सड़क पार कर रही छात्रा को रौंद दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह देखते ही चालक वाहन समेत भाग निकला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।
थानाक्षेत्र के कुचारम निवासी कक्षा चार की छात्रा यशोदा पुत्री विजई कुमार मंगलवार को स्कूल से पढ़कर घर पहुंची और फिर अपनी बकरियों को चराने के लिए परसौंजा मार्ग पर गई थी। शाम को बकरी लेकर गांव लौटते समय जैसे ही वह सड़क पार कर रही थी तभी देवल गांव की ओर से आ रही अनियंत्रित पिकअप ने उसे रौंद दिया।
जिससे छात्रा की मौके पर मौत हो गई और चालक वाहन लेकर भाग निकला। जानकारी होते ही थानाध्यक्ष अरूण पाठक मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे और पुलिस से आरोपी चालक को वाहन समेत पकड़ने को कहा। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया है। मृतका चार बहन तीन भाइयों में तीसरे नंबर की थी। पिता किसान हैं।