इनामी डाकू बबुली कोल गैंग के नाम से कुछ लोगों ने एक व्यापारी को पत्र लिखा और फोन कर पांच लाख की फिरौती मांगी। सूचना पर सतर्क हुई पुलिस ने चार युवकों को दबोच लिया। इनके कब्जे से चार मोबाइल, दो तमंचा व आधा दर्जन कारतूस बरामद हुए हैं।
जिले की सीमा से जुडे़ धारकुंडी आश्रम (मध्य प्रदेश) के पास किराना व्यापारी बबलू गुप्ता को चार जुलाई को मोबाइल पर फोन आया कि वह डाकू बबुली कोल गैंग का ढाई लाख का इनामी साथी लवलेश कोल बोल रहा है।
एक सप्ताह के अंदर पांच लाख न पहुंचाया, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। दुकानदार ने बताया कि दूसरे दिन उसके घर के बाहर डाकू लवलेश कोल के नाम का लेटरपैड दीवार पर चस्पा मिला था। जिसमें पांच लाख न देने और पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। भयभीत दुकानदार दो दिनों तक किसी को कोई जानकारी नहीं दी। लेकिन बाद में आठ जुलाई को दुकानदार ने पुलिस सूचना दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। सतना एसपी मिथलेश शुक्ला ने बताया कि सर्विलांस के जरिए धारकुंडी थानाध्यक्ष आरके जायसवाल, मंझगवां टीआई खेमसिंह ने टीम के साथ खोजबीन शुरू की। बुधवार की रात को पुलिस ने घेराबंदी कर सरभंगा के जंगल में लाल बहादुर गौंड पुत्र दादूलाल, शिवकरण पुत्र छत्रबली गौंड निवासीगण गोबरी, फतेहगंज बांदा, हेमराज सिंह पुत्र लल्लू निवासी छतेहरी धारकुंडी और गोविंद गौड पुत्र राजललन निवासी तुर्रा मझगवां, मप्र को योजना बनाते समय दबोच लिया। इनके कब्जे से मोबाइल, तमंचा व कारतूस के अलावा फर्जी लेटर भी मिले हैं। एसपी ने बताया कि लगभग छह माह पूर्व इन्हीं चारों ने फोन व लेटर के जरिए बिछियन मप्र के चार शिक्षकों से 25-25 हजार डकैतों के नाम पर मांगे थे।