जाडे़ का मौसम आते ही जिले में चोरियां शुरू हो गयी। मंगलवार की रात को मारकुंडी गांव में एक साथ चार दुकानों में चोरों ने ताला तोड़कर दो लाख की नगदी सहित लाखों का माल पार कर दिया। पीड़ित दुकानदारों ने थाने में चोरी होने की सूचना दी है।
मारकुंडी थाना अंतर्गत मारकुंडी कस्बे बाजार में मंगलवार की रात को चोरों ने स्थानीय अमर नाथ गुप्ता, आनंद देव, मिश्रा, टुल्लन गुप्ता और सुरेश गुप्ता की चाय पान, कपडे़ और मिठाई की दुकानों का ताला तोड़कर दुकान में रखी नगदी सहित माल को ले गये।
सुबह होने पर बाजार से गुजरने वालों ने इसकी जानकारी दुकानदारों को दी तो उनके होश उड़ गये। इस मामले में थानाध्यक्ष मारकुंडी रामेंद्र तिवारी ने बताया कि इस मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है। जबकि दुकानदारों ने कहा कि पुलिस को सूचना दी गई है।
कुल मिलाकर लगभग दो लाख का माल चोरी हुआ है। चोर मिठाई, कपड़े की दुकान से कैश के अलावा कीमती कपड़े चोरी कर ले गए हैं।