मुख्यालय के रेलवे स्टेशन परिसर में एक युवक बेहोशी की हालत में मिला। जीआरपी ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई। युवक के परिजनों ने एक महिला होमगार्ड समेत दो पर हत्या का आरोप लगाया है। जीआरपी जांच कर रही है।
बेललई जमालपुर बांदा निवासी जगदीश (23) पुत्र लल्लू तिवारी शनिवार की शाम को बेहोशी की हालत में सामान्य प्रतीक्षालय में मिला। सूचना पर जीआरपी ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई। उसके पास मिले मोबाइल और कुछ कागजात के आधार पर शिनाख्त कर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे उसके भाई जनक तिवारी ने आरोप लगाया कि एक माह से उसका भाई कर्वी की एक युवती से शादी कर अलग रह रहा था।
इस दौरान एक महिला होमगार्ड के घर दोनों रहे। बांदा में अपनी जमीन का एक हिस्सा गहन रखकर वह कर्वी आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला होमगार्ड ने युवती के साथ मिलकर उसे जहर खिलाया और घर से भगा दिया। रुपये भी हड़प लिए। जीआरपी प्रभारी अलमा अहिरवार ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। युवक यात्रियों के बीच बेहोश पड़ा था। उसे जहर खिलाया गया या खुद खाया है, इसकी जानकारी नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। हत्या की संभावना तो नहीं समझ आ रही फिर भी तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।