चित्रकूट। अपहृत छात्र को पुलिस ने चौथे दिन रविवार को बबेरू के पास से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस को देख भाग रहे अपहरणकर्ता को भी दबोच लिया गया। कोतवाली क्षेत्र के बनकट की नई बस्ती से गुरुवार की दोपहर को कक्षा पांच के छात्र जगदीश पुत्र हर्षवर्धन का अतिथि पटेल ने समोसा खिलाने के नाम पर उसकी अपहरण किया था। इसके बाद आरोपी ने उसके परिजनों से पांच लाख की फिरौती मांगी थी। पुलिस अधीक्षक केके चौधरी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की तीन टीमें इसकी तलाश में जुट गई थी।
कोतवाल सत्यपाल सिंह ने बताया कि रविवार की दोपहर को सर्विलांस व अन्य सूत्रों से जानकारी कर अपहृत छात्र को बबेरू के पास से बरामद कर लिया गया। पुलिस टीम को देखते ही भागने की फिराक में आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया। कोतवाली में अपहृत छात्र ने बताया कि आरोपी व उसके दो अज्ञात साथी गुरुवार को टेेपों से बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए। इसके बाद उसे सीतापुर भी ले गए जहां से परिजनों को फोन कर पांच लाख रुपये मांगने पर मजबूर किया था। इसके बाद रात को ही उसे बस से ले गए। स्थान के बारे में उसे जानकारी नहीं थी। फिलहाल इस अपहरण के पीछे स्पष्ट कारण की जानकारी नहीं हो पाई है। अपहरणकर्ता के पिता व नाना को पुलिस ने पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया था। दोनों ने बताया कि अतिथि पटेल ने घर से साढ़े पांच हजार रुपये लेकर कर्वी आया था। इसके बाद जगदीश के साथ गायब होने की जानकारी मिली थी।