चित्रकूट। युवक की हत्या के बाद निर्माणाधीन बस स्टैंड के पिछवाड़े खेत में शव गाड़ने के मामले में पुलिस ने एक नामजद की गिरफ्तारी की है। मुख्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। जिसकी तलाश के लिए दो पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। गिरफ्तार युवक पर आरोप है कि हत्या करने व उसके बाद शव को छिपाने में मुख्य आरोपी का सहयोग किया।
गौरतलब है कि 20 मई की दोपहर को पुलिस ने सूचना पर कोतवाली क्षेत्र के बेडीपुलिया के पास एक खेत में जेसीबी से खुदवाकर बंधोईन चुनहापुरवा निवासी धीरज रैदास पुत्र शिवप्रसाद का बोरे में बंद अंग भंग अवस्था में शव बरामद किया था। इस मामले में जेसीबी मालिक कौशांबी निवासी हाल मुकाम नई दुनिया कर्वी चंदन सिंह समेत दूसरे जेसीबी चालक चुनहापुरवा निवासी रज्जू उर्फ राजेश पुत्र मुकेश व दो अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसी मामले में अपर एसपी बलवंत चौधरी ने बताया कि सहयोगी आरोपी रज्जू को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की गई है। जिससे स्पष्ट हो चला कि जेसीबी मालिक चंदन सिंह ने ही धीरज की हत्या कर शव छिपाने की योजना बनाई थी।
गिरफ्तारी पर उठाए सवाल
चित्रकूट। युवक की हत्या कर शव छिपाने के मामले में सब कुछ लगभग सामने आ चुका है इसके बावजूद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से संशय बना है। मंगलवार को जिस आरोपी रज्जू उर्फ राजेश की गिरफ्तारी पुलिस ने बताई है उसके पिता व अन्य परिजनों ने बताया कि हत्या में उसका कोई हाथ नहीं है। जब शव ट्रैक्टर मेें रखकर खेत में गाड़ने लाए थे तब उसे पता चला था। पुलिस ने मंगलवार को रज्जू की गिरफ्तारी में यह भी नहीं बताया कि उसे कहां से पकड़ा गया और क्या बरामदगी हुई है।