चित्रकूट। मारे गए डाकू राजू ठाकुर गैंग के बचे सदस्याें ने हुडा गांव में दोबारा धावा बोल दिया। ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाई तो गैंग भाग निकला लेकिन दहशत छोड़ गया। आशंकित ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक और कोतवाली में तहरीर देकर सुरक्षा की मांग की है।
भरतकूप चौकी क्षेत्र के हुडा गांव में रविवार की शाम को इनामी डाकू राजू ठाकुर गैंग ने धावा बोलकर एक माह पूर्व अपहृत किए गए ओंकार यादव से फिरौती के बकाया 50 हजार रुपए मांगे थे। जिसे न पहुंचाने पर जान से मारने की धमकी दी थी। सूचना के बावजूद पुलिस समय से नहीं पहुंची थी। इसके दूसरे दिन पड़ोस के गांव भगवतपुर में ग्रामीणों ने इस गैंग के सरगना को पीट-पीटकर मार डाला लेकिन अन्य सदस्य भागने में सफल रहे थे।
बुधवार को कोतवाली पहुंचे हुडा निवासी ओंकार यादव व छोटे लाल के साथ आधादर्जन ग्रामीणों ने बताया कि इस डाकू गैंग के बचे सदस्यों को पुलिस का खौफ नहीं है। सरगना के मारे जाने के बाद से गैंग की कमान राजकुमार यादव ने संभाल ली है और दूसरे ही दिन मंगलवार की देर शाम को गैंग के चार सदस्य हुडा गांव आ धमके।
डकैतों ने फिरौती की बाकी रकम भेजने की बात ओंकार यादव के घर के सामने कही। ग्रामीणों ने बताया कि डकैतों के आने की सूचना पर सभी ग्रामीण एकजुट होकर आगे बढ़े तो गैंग जंगल की ओर लौट गया है लेकिन खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने गांव में सुरक्षा की मांग की है।
इनसेट
पुरानी दुश्मनी के चलते आरोप
चित्रकूट। भरतकूप चौकी प्रभारी सुजीत कुमार ने बताया कि डाकू राजू के मारे जाने के दूसरे दिन बचे गैंग का हुडा गांव पहुंचने की जानकारी ग्रामीणों ने नहीं दी है। बुधवार की दोपहर को बताया गया कि डाकू गांव आए थे। गैंग के बचे सदस्यों में राजकुमार यादव के गैंग सरगना की बात कही जा रही है जो सही नहीं लगती। राजकुमार शायद राजू का दोस्त तो है लेकिन डाकू के रूप में गैंग में रहने की पुष्टि नहीं है।
ग्रामीणों को दे रहे हैं सुरक्षा
चित्रकूट। पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र सिंह ने बताया कि हुडा गांव में डाकू राजू ठाकुर गैंग के बचे सदस्यों का दूसरे ही दिन धावा बोलने की बात सही नहीं है। अपहृत ओंकार की राजकुमार से कोई पुराना विवाद है और राजकुमार कभी कभार राजू से मिलता था। जिसे लेकर यह आरोप लगाए जा रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस ग्रामीणों को सुरक्षा दे रही है। हुडा गांव में देर शाम से लेकर रात भर नियमित पुलिस गश्त कर रही है। किसी भी बचे डाकू को छोड़ा नहीं जाएगा।