परिक्रमा मार्ग पर युवती की हत्या कर शव को पाइप से लटका दिया गया। मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। रविवार सुबह वहां से गुजरे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
सीमावर्ती नया गांव मप्र थानाक्षेत्र के कामदगिरी परिक्रमा मार्ग स्थित नरसिंह मंदिर के पास पाइप लाइन में एक युवती का शव लटका मिला। मुंह में कपड़ा ठूंसा था। युवती की उम्र लगभग 18-19 साल बताई जा रही है। लाल रंग का स्वेटर जैकेट व काले रंग का सलवार पहना थी। सूचना पर नया गांव एसडीओपी आलोक शर्मा व थाना प्रभारी सुधांशु त्रिवेदी मय फोर्स पहुंचे। काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। एसडीओपी ने बताया कि जिस हालत में युवती का शव मिला है उससे साफ है कि हत्या कर फेंका गया है। प्रथम दृष्टया अज्ञात पर हत्या का ही मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल रेप की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
घटनास्थल के पास मिली एक भिक्षा मांगने वाली रामदेवी ने बताया कि शनिवार शाम को इस युवती को एक लगभग 40 साल के युवक के साथ देखा था। दोनों के बीच जो बातचीत हो रही थी तो उनकी भाषा से उसे लगा कि दोनों बांदा या चित्रकूट के ही हैैं। इस दौरान युवती को कुछ चक्कर भी आया था तो युवक ने उसे वहीं लिटाकर पानी का छींटा मारा था। उसके बाद दोनों नहीं दिखे।