सीसीटीवी से मिली आरोपी की फोटो
- फोटो : अमर उजाला
सराफा की दुकान से दो युवक लगभग आठ लाख रुपये के जेवर दिनदहाड़े उड़ा ले गए। दोनों युवक ग्राहक बन कर जेवर खरीदने सराफा की दुकान में आए थे। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों युवकों की करतूत कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के सहारे दोनों युवकों की तलाश कर रही है।
मुख्यालय के सदर रोड स्थित आरके ज्वैलर्स के दुकानदार सत्यदेव सोनी ने बताया सोमवार सुबह दुकान के खुलते ही दो युवकों ने शादी के लिए जेवर दिखाने के लिए कहा। एक युवक फौजी कैप पहने था। वह दोनों युवकों को सोने की जंजीर व अन्य जेवर दिखाते रहे। दोनों युवक बार-बार दूसरे जेवर लाकर दिखाने के लिए कहते रहे । इस बीच एक युवक सिगरेट पीने के बहाने बाहर गया। थोड़ी देर बाद दूसरा युवक बिना कुछ लिए निकल गया।
दुकानदार ने बताया दोनों युवकों के जाने के बाद जब उन्होने मिलान किया तो लगभग आठ लाख के जेवर गायब मिले। इसके बाद दोनों युवकों को काफी देर तक आसपास तलाशा गया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। दुकानदार ने कोतवाली में दोनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दोनों युवक दिखाई दिए। प्रभारी कोतवाल मधुसूदन दीक्षित ने बताया फुटेज के सहारे दोनों युवकों की तलाश की जा रही है। दोनों युवकों की तस्वीर कई स्थानों पर चस्पा कर उन्हे पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। घटना के समय दुकान में मौजूद कर्मचारियों बाबूपुर पहाड़ी निवासी विनय कुमार व कर्वी निवासी सुमित सोनी से भी पूछताछ की जा रही है।