जिला अस्पताल में रोते-बिलखते मृतका के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट। घर में संदिग्ध अवस्था में महिला की आग से जलकर मौत हो गई। मायका पक्ष ने पति पर मारपीट कर मार डालने का आरोप लगाया जबकि ससुरालीजनों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर मारपीट होती थी जिससे तंग आकर महिला ने आत्महत्या की है। जानकारी पर पुलिस घटनास्थल पहुंची तो पति घर से गायब मिला। मानिकपुर थाना क्षेत्र के सरैंया धरउआ निवासी बद्री यादव की पुत्री गीता (32) का विवाह दस साल पहले राजापुर थाना क्षेत्र के सोतीपुरवा निवासी कुशल यादव पुत्र कुंवारे के साथ हुआ था। शनिवार की सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हुई। इसके बाद महिला ने मिट्टी का तेल शरीर में डालकर आग लगा ली। घर से धुंआ निकलता देख आसपास के लोग दौड़कर आए तो महिला को जलता देख आग बुझाने का प्रयास किया। परिजन उसे इलाज को जिला अस्पताल लाए जहां उसकी मौत हो गई।
उधर, मौके से पति कुशल भाग निकला। उसके बड़े भाई महेश यादव ने बताया कि उसके भाई की कुछ आदतें खराब थीं। अक्सर खेती की जमीन बेचता था और नशे की हालत में रहता था जिसका विरोध बहू करती थी तो दोनों के बीच मारपीट होती थी। इस घटना के पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इधर घटना की जानकारी होने पर मृतका के मायके से तमाम लोग जिला अस्पताल पहुंचे। मृतका की मां सुशीला व चाची गेंदिया देवी ने आरोप लगाया कि दामाद ने ही उसे मार कर आग लगाई है। इसके बाद वह भाग गया। शादी के बाद से ही उसे कई बार मारा पीटा है। हाल में 14 अगस्त को भारी बारिश के दौरान उसकी पुत्री को पीटकर घर से बाहर निकाल दिया था जिससे सारी रात वह बारिश में भीगती रही। इसके बाद जानकारी होने पर जेठानी उसे अपने घर ले गई थी। मृतका के एक पुत्री शिखा व एक पुत्र सत्यम है। इस घटना के बाद दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा। उधर, राजापुर थानाध्यक्ष शैल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। अभी मायके पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। थाने आकर घटना के बारे में बताया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। यह सही है कि घटना के बाद से मृतका का पति फरार है।