जिला अस्पताल में भर्ती गोली लगने के बाद घायल युवक ।
- फोटो : amar ujala
सरैंया/रामनगर। युवक को गोली लगने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों ने विरोधियों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक अपराधी किस्म का है। जिस पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। षडयंत्र के तहत गोली मारी है। मामले की जांच की जा रही है।
रैपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बांधी के नटों के डेरा में मुजीम (30) पुत्र गिल्ला को तमंचे से बांये हाथ में गोली लगने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह रविवार देर रात को शौच के लिए गया था। तभी गांव के ही शमशाद, साहिद अली व बल्ला से पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली मार दी। जानकारी होने पर घायल अवस्था में उपचार के लिए भर्ती कराया है। घायल के पिता ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
रैपुरा के एसओ शेषमणि ने बताया कि शमशाद ने मुजीम पर धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में समझौते को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। सुलह न होने पर जानलेवा हमला किया है। थानाध्यक्ष अरुण पाठक ने बताया कि मुजीम अपराधी किस्म का व्यक्ति है। जिस पर लगभग आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। जिसके खिलाफ चल रहे 307 के मुकदमे का वह खुद दबाव बना रहा था। समझौता न होने पर उसने खुद को गोली मारकर षडयंत्र रचा है।