अमर उजाला ब्यूरो
शिवरामपुर(चित्रकूट)। सब्जी के खेत की रखवाली कर रहे वृद्ध किसान की हाईटेंशन तार के करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी होने पर एसडीएम से लेकर पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे लेकिन बिजली विभाग का एक भी कर्मचारी तक नहीं पहुंचा।
शिवरामपुर कस्बे के बाहर निबूहापुरवा निवासी फैज मोहम्मद (62) पुत्र सलीम बख्श सोमवार को अपने सब्जी के खेत की रखवाली कर रहा था। उसने मवेशियों से बचाने के लिए खेत की चारों ओर से लकड़ी व तार से बैरीकेटिंग की थी। जानकारी के अनुसार जैसे ही वह तार हटाकर खेत के अंदर जाने लगा तो उसी समय खेत के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन की तार टूट कर खेत के दूसरे हिस्से की बैरीकेटिंग में जा टकराई। जिससे पूरे खेत की तारों में करंट फैल गया और वृद्ध करंट की चपेट में आ गया।
घटना की जानकारी होते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। एसडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह,सीओ सुरेश शर्मा व चौकी प्रभारी शरद पटेल भी मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी देकर तार को सही कराने को कहा गया लेकिन दो घंटे तक वहां कोई नहीं पहुंचा।
विद्युत विभाग के सदर एसडीओ धीरेंद्र सिंह ने बताया कि निबूहापुरवा में एचटी लाइन टूटने की जानकारी मिली थी। कुछ विभागीय काम होने की वजह से वह खुद देरी में पहुंचे थे लेकिन कर्मचारियों को फोन कर तार को सही कराने के लिए मौके पर भेजा गया था। मृतक किसान के परिवार को मुआवजा विभागीय टीम के अधिकारी जांच कर देंगे।