मुठभेड़ स्थल पोखरवार जंगल में मौजूद आईजी रीवा अंशुमान यादव।
- फोटो : अमर उजाला
पचास हजार के इनामी डाकू ललित पटेल के मारे जानेे के बाद मुठभेड़ की सीआईडी जांच के आदेश हुए हैं। गुरुवार को आईजी रीवा ने पोखरवार जंगल पहुंचकर मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया। मौके से पुलिस टीम ने कुछ और तथ्य भी जुटाएं हैं।
गौरतलब है कि छह अगस्त की शाम को जिला की सीमा से सटे नया गांव थाना क्षेत्र के पोखरवार जंगल में मध्यप्रदेश की पुलिस ने मुठभेड़ में डाकू सरगना ललित पटेल को मार गिराने का दावा किया था। मौके से एक राइफल व कारतूस से भरा पट्टा बरामद हुआ था। सात अगस्त को जानकीकुंड अस्पताल में में पोस्टमार्टम के बाद 8 अगस्त को उसके गांव पौशलहा में डाकू के पिता सत्यनारायण उर्फ जोकर ने अंतिम संस्कार किया था।
मुठभेड़ में डाकू सरगना के मारे जाने के बाद गुरुवार को आईजी रीवा अंशुमान यादव सतना पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगड़कर के साथ दोबारा मुठभेड़ स्थल पोखरवार जंगल पहुुंचे। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ की सीआईडी जांच के आदेश हुए हैं। जांच टीम ने मौके से कुछ और तथ्य भी जुटाए हैं। इस दौरान एसडीओपी आलोक शर्मा व थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी मौजूद रहे। आईजी ने मुठभेड़ में डाकू सरगना के मारने वाली टीम का हौसला बढ़ाया है।