कोतवाली क्षेत्र के राजापुर मार्ग पर अनियंत्रित आल्टो ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें बाइक चालक छात्र की मौत हो गई। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं है। दुर्घटना होते ही चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
भरतकूप के सेहरा निवासी अखिलेश सिंह पटेल (20) पुत्र रामशरण सोमवार को अपनी बहन के घर बालापुर गांव गया था। रात में वह वहां से अकेले ही वापस आ रहा था। रगौली के पास पहुुंचते ही सामने से आ रही आल्टो ने टक्कर मार दी। इसमें बाइक चालक छिटककर सड़क पर जा गिरा। स्थानीय लोग उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार चालक नशे में था। कार में भी शराब की बोतल मिली है। मंगलवार की सुबह कोतवाली पुलिस ने कार बरामद कर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।