मैरिज होम की दीवार ढहा की फायरिंग
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट। रास्ते में शराब के लिए रुपये न देने पर कुछ युवकों ने उसके घर घुसकर तोड़फोड़ की। महिलाओें से अभद्रता कर पिटाई कर हवाई फायरिंग की। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी है। कोतवाली क्षेत्र के कसहाई ग्राम पंचायत के बेलौहनपुरवा में सोमवार को दिनदहाड़े युवकों ने घर घुसकर दबंगई की। भुक्तभोगी ज्योति पत्नी अभिषेक ने बताया कि रेलवे कालोनी के पीछे की गली में कुछ नशेड़ी युवकों का जमावड़ा रहता है। रविवार की शाम को उसी रास्ते से उनका देवर राजू टेपों चलाकर घर लौट रहा था।
रास्ते में बैठे कुछ युवकों ने उसे रोककर शराब पीने को रुपये मांगे तो वह मनाकर दौड़कर घर आ गया। इसके बाद सोमवार की दोपहर को आधा दर्जन आरोपी युवक असलहे व लाठियां लेकर उनके घर घुस आए। घटना के समय घर में पुरुष सदस्य न होने के बावजूद आरोपियों ने तमंचे से फायर किया और गाली देते हुए महिलाओं से अभद्रता की। विरोध करने पर उसका मंगलसूत्र छीन कर पीटा। भागते समय जान से मारने की धमकी भी दे गए हैं। घटना की जानकारी होते ही परिजन घर आए और पुलिस सूचना दी है। कोतवाल सत्यपाल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई है। टीम की रिपोर्ट के बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पिटी महिला का डाक्टरी परीक्षण कराया गया है।