चित्रकूट(ब्यूरो)। बुधवार को मुख्यालय के बेडीपुलिया के पास से पुलिस ने जायलो गाड़ी में एक युवक को एक कुंतल गांजे के साथ दबोच लिया। पुलिस को देखकर दूसरा आरोपी भागने में सफल रहा। इस गांजे की कीमत लगभग छह लाख रुपए बताई गई है।
जानकारी के अनुसार सीओ सिटी प्रवीण कुमार यादव, कोतवाल मनोज शुक्ला व यातायात प्रभारी बीजी सिंह ने मुखबिर की सूचना पर बेडीपुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक जायलो को रोका। अपर एसपी बलवंत चौधरी ने बताया कि पुलिस को देखते ही नौधौरा राजापुर निवासी पप्पू भाग निकला जबकि पुलिस ने वाहन समेत नैनी राजापुर निवासी अरुण कुमार द्विवेदी पुत्र शिवकुमार द्विवेदी को पकड़ लिया। वाहन से एक कुंतल गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि गांजा मप्र क्षेत्र से लाकर राजापुर क्षेत्र में बेचने जा रहा था। गांजा पकड़ने वाली टीम को पुलिस प्रशासन ने पुरस्कार देने की घोषणा की है। गौरतलब है कि एक सप्ताह पूर्व ही बाइक से एक महिला व एक युवक को भी राजापुर पुलिस ने गांजे के साथ पकड़ा था।