चित्रकूट। रैपुरा गांव निवासी कृष्णचंद्र वर्मा पुत्र रघुवर दयाल वर्मा ने पुलिस अधीक्षक को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि गांव के पूर्व प्रधान समेत कुछ लोगों ने घर घुसकर उसके परिजनों को पीटा। परिजनोें की गुहार पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी लेकिन आरोपियों के दबाव के कारण उन पर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। जिससे आरोपी अब फिर उनके परिजनों को जानमाल की धमकी दे रहे हैं।
गुरुवार को पीड़ित ने आरोप लगाया कि बुधवार की रात गांव की दुकान पर था। तभी गांव के ही पूर्व प्रधान पांच-छह साथियों के साथ आए और अभद्र भाषा का प्रयोग कर पिटाई कर दी। आरोप लगाया कि 100 डायल पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दबंग के प्रभाव के चलते कार्रवाई नहीं की गई। दबंगों ने पुलिस के सामने ही जान से मारने की धमकी तक दी।
पीड़ित ने बताया कि रात्रि में ही संबंधित थाना पहुंचकर हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का प्रयास किया। जहां दबंगों के मिलीभगत के चलते रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई। इस मामले में थानाध्यक्ष अरुण पाठक ने बताया कि इसके पहले हुई मारपीट का मामला दर्ज है और आरोपियों पर कार्रवाई कराई जा रही है।