बेकाबू ट्रक ने अधेड़ को रौंदा, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। शौच क्रिया जा रही अधेड़ महिला को सड़क पार करते समय बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। सदर कोतवाली कर्वी क्षेत्र के कसहाई गांव निवासी रनुवा देवी प्रजापति (50) पत्नी गया प्रसाद उर्फ अंगद मंगलवार की सुबह शौच के लिए खेतों की ओर जा रही थी। सड़क पार करते समय घर के समीर्प इंटा खाली करने के बाद सामने से तेज गति से आए ट्रक ने महिला को रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। ट्रक चालक मौके से भागने लगा तो स्थानीय लोगों ने दबोचकर उसकी खूब पिटाई की। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक चालक ने तेज आवाज में ट्रक में लगे टेप रिकार्ड को चला रखा था। ट्रक के सामने से महिला के आने के पूर्व आसपास के लोगों ने चिल्लाकर चालक को रोकने का प्रयास किया लेकिन गाने की तेज आवाज के कारण उसे कुछ नहीं सुनाई दिया और उसने महिला को रौंद दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के एक पुत्र है। पति मेहनत मजदूरी का परिवार का भरण-पोषण करता है।