चित्रकूट। जिले के प्रभारी मंत्री डा. महेंद्र सिंह बृहस्पतिवार को तेल कारोबारी के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी है। अपहरण के बाद जुड़वां भाइयों की हत्या को जघन्य बताया। साथ ही बच्चों के पिता बृजेश रावत की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात कराई। बताया कि वे सीएम के प्रतिनिधि के रूप में आए हैं। कहा कि ऐसे मामले राजनीति से परे हैं। दोषियों को सख्त सजा मिले। मृत बच्चों के पिता बृजेश रावत ने बताया कि सीएम ने घटना पर दु:ख प्रकट करते हुए कहा कि सीबीआई जांच कराने के लिए उच्च न्यायालय से आदेश लेना होगा। तभी यह जांच संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि हत्यारों को कड़ी सजा दिलाई जाए। प्रभारी मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ने फोन पर पीड़ित को आश्वासन दिया है कि इस मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ जांच कराकर सजा दिलाएंगे। चाहे पुलिस कर्मी हो या कोई अधिकारी सबके साथ सामान व्यवहार होगा। इस मौके पर सदर विधायक चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पंकज अग्रवाल, नीरज गर्ग आदि मौजूद रहे।
सीएम योगी ने पीड़ित को फोन से बंधाया ढांढस