चित्रकूट/मानिकपुर। 6 लाख के इनामी डाकू बबुली कोल गैंग से जिले की सीमा क्षेत्र मध्यप्रदेश धारकुंडी के पास पुलिस मुठभेड़ करने से बचती रही। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 500 मीटर की दूरी पर डाकू गैंग की मौजूदगी की जानकारी पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद जब डाकू गैंग ने जंगल मेें छिप गया तो पुलिस टीम उस ओर गई लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
जिले की सीमा क्षेत्र से सटे धारकुंडी के जंगल में गुरुवार की शाम को डकैतों की मौजूदगी की सूचना पर चित्रकूट व सतना की पुलिस टीमें अपने अपने क्षेत्र में कांबिंग कर रही थी। इसी दौरान जब मध्य प्रदेश क्षेत्र की पुलिस टीम सरभंगा जंगल की ओर पहुंची तो वहां कुछ ग्रामीणों ने बताया कि डाकू गैंग पहाड़ के पीछे मौजूद है। इन ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस टीम के कुछ जवानों ने डकैतों की मौजूदगी की दिशा की ओर न जाकर दूसरी ओर जाने लगे। इसके लगभग आधे घंटे बाद पुलिस टीम उसी दिशा की ओर आयी लेकिन तबतक डाकू बबुली कोल गैंग भाग चुका था।
इस मामले में सतना पुलिस अधीक्षक रियाज इकबाल ने बताया कि कुछ टीमें डकैतों की तलाश में नियमित कांबिंग कर रही है। धारकुंडी के पास डकैतों की सूचना पर पुलिस टीम गई थी लेकिन वहां कोई नहीं था। इधर चित्रकूट पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने बताया कि डकैतों के खिलाफ सीमा क्षेत्र से सटे जंगलों में कांबिंग जारी है। फिलहाल डकैत भूमिगत हैं।