शराब के लिए रुपये न देने पर हंटर से पिटाई करने वाले आरोपी रज्जन मिश्रा को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने का प्रयास करने वाले 15 लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
जिसमें तीन नामजद को पुलिस ने गुरुवार को पकड़कर जेल भेज दिया है। मऊ थानाप्रभारी श्याम प्रताप पटेल ने बताया कि 21 जनवरी को थानाक्षेत्र के शिवपुर गांव में नशे के लिए रुपये न देने पर गांव के सुरेश कुमार को हंटर से पीटने वाले शिवपुर निवासी रज्जन मिश्रा उर्फ महेंद्र पुत्र उमेश चंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
30 जनवरी को आरोपी पुलिस गिरफ्त से बचने के लिए सीधे अदालत में हाजिर हो गया। अदालत के आदेश पर शाम को उसे लेकर पुलिस टीम जेल की ओर जा रही थी तभी बांदा-प्रयागराज मुख्य मार्ग पर उसे छुड़ाने के लिए कई समर्थकों ने पुलिस टीम को घेर लिया।
जानकारी होते ही थाने से अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा तो सभी आरोपी भाग गए थे लेकिन मुख्य आरोपी को वह पुलिस गिरफ्त से नहीं छुड़ा पाए। इस दौरान आरोपी के समर्थक आरोप लगा रहे थे कि पुलिस टीम आरोपी रज्जन को थाने ले जाकर मारना चाहती है और इनकाउंटर कर सकती है।
इसी संभावना पर उसके समर्थक उसे छुड़ाने का प्रयास कर रहे थे। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला व आरोपी को छुड़ाने, धमकी गाली गलौज करने की रिपोर्ट दर्ज की।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गुरुवार की सुबह आरोपी इटवां रैपुरा निवासी पप्पू व हेमराज पुत्रगण भईयालाल त्रिवेदी व शिवपुर निवासी राजेश पुत्र जागेश्वर प्रसाद को गांव के पास से गिरफ्तार किया गया ।
गौरतलब है कि सुरेश कुमार को पीटते हुए वीडियो वायरल किया था। इस मामले में सपा जिलाध्यक्ष अनुज यादव व पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल ने 23 जनवरी को थाने का घेराव कर आरोपी को पकड़ने की मांग की थी।
हमला कर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास करने वाले तीन को पकड़ा