मानिकपुर(चित्रकूट)। महिला की बेरहमी से पिटाई के बाद उसे घर से निकाल दिया गया। पड़ोसियों ने महिला को घायल अवस्था में उपचार को सीएचसी में भर्ती कराया है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख उसे जिला अस्पताल रेफर किया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर थाना मानिकपुर में रिपोर्ट दर्ज हुई है। परिजनों का आरोप है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज नहीं किया गया।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के ऐलहा बढ़ैया गांव की नम्रता मिश्रा (26) पत्नी पंकज मिश्रा ने बताया की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के बाद से ससुराली दहेज की मांग के लेकर अक्सर प्रताड़ित करते हैं। जिसके चलते वह कुछ दिनों पहले मायके आ गई थी। ससुरालीजन 17 दिसंबर को ले गए। रविवार की रात ससुरालियों ने बेरहमी से मारापीटा और घर से भगा दिया। पड़ोसियों की सूचना पर लड़की के मायके वालों को सूचना दी गई।
तब वे लोग ससुराल पहुंचे और घायल अवस्था मे मानिकपुर सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। गंभीर देख डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़िता के पिता जगमोहन शुक्ला ने पति, ननद, जेठ के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दी गई तहरीर के आधार पर मामूली धाराओं पर मामला दर्ज किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुभाषचन्द्र चौरसिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला पंजीकृत करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया है।