चित्रकूट। मऊ थानाक्षेत्र के बिटहा गांव में छह से अधिक बदमाशों ने पूर्व सांसद प्रतिनिधि के घर में घुसे। परिजनों की नींद खुली तो आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया गया। तब आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए भागने लगे। यह देखकर प्रतिनिधि के परिजन व आसपास के लोगों ने भी हवाई फायरिंग की।
पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र के प्रतिनिधि ओमनारायण ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात लगभग साढ़े दस बजे आधा दर्जन से अधिक असलहाधारी बदमाश उनके पिता परमेश द्विवेदी के घर घुस गए। प्रतिनिधि के अनुसार सब डकैती डालने आए थे। इसी बीच परिजनोें की नींद खुली तो शोर मचाया। यह देखकर बदमाशों ने असलहे लहराकर सबको चुप कराने का प्रयास किया। प्रतिनिधि ने बताया कि कई ग्रामीण असलहे लेकर बाहर निकले तो भाग रहे बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई। इसके बाद ग्रामीणों ने बदमाशों के भागने की दिशा में फायरिंग कर जवाब दिया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुभाष चौरसिया मय फोर्स पहुंचे, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सका है। प्रतिनिधि के पिता ने अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।