चित्रकूट। रैपुरा थाना क्षेत्र के अगरहुंणा गांव में शुक्रवार को जमीन के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की पत्नी को लाठी डंडों से पीट-पीट कर लहूलुहान कर दिया। बेहोशी की दशा में उसे मृत समझकर आरोपी थाने पहुंच गया। उधर, आसपास के लोगों ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
अगरहुंणा गांव निवासी उर्मिला पत्नी सुनील का जेठ बुद्धराज का जमीन का विवाद चल रहा था। शुक्रवार को उर्मिला घर में अकेली थी। उर्मिला का आरोप है कि तभी जेठ ने जमीन पर निर्माण कराने का प्रयास किया। विरोध करने पर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। लहूलुहान कर मरणासन्न छोड़ कर जेठ थाने पहुंच गया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उधर, मरणासन अवस्था में जब महिला को लेकर परिजन टेपों से जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां स्ट्रेचर नहीं मिला। लगभग आधा घंटे बाद स्टाफ ने परिजनों को स्ट्रेचर उपलब्ध कराया।