चित्रकूट में डीएम शेषमणि पांडेय की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कोविड-19 की महामारी के प्रभावी नियंत्रण के संबंध में कैंप कार्यालय में बैठक हुई। इसमें डीएम ने कहा कि जनपद में नामित नोडल अधिकारी को आख्या समय से प्रेषित करें। कहा कि कोविड कमांड एंड सेंटर पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्र में जनसंख्या एवं आवश्यकता अनुसार प्रत्येक वार्ड में पर्याप्त संख्या में टीमों का गठन कर अनिवार्य रूप से शत-प्रतिशत घरों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। कोविड-19 एवं नॉन कोविड अस्पतालों की स्थिति में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहे। इन कार्यों की समीक्षा की।
जिला पंचायत राज अधिकारी संजय कुमार पांडेय को निर्देश दिए कि जो संचारी रोग नियंत्रण अभियान में स्वच्छता का कार्य कराया जा रहा है। उसकी सूचना प्रतिदिन उपलब्ध कराएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ महेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी जीपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश स्वरूप पांडेय, उप जिलाधिकारी कर्वी अश्विनी कुमार पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।