चित्रकूट। शहर से सटे सिद्धपुर गांव में मंगलवार की दोपहर संदिग्ध हालात में दंपती आग से झुलस गए। पूरा घर जल गया। प्रयागराज ले जाते समय महिला ने दम तोड़ दिया। झुलसे दंपती के शरीर से केरोसिन की दुर्गंध आने से खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है।
सदर कोतवाली अंतर्गत सिद्धपुर गांव निवासी शिवसरन (34) व उसकी पत्नी उर्मिला देवी (30) मंगलवार दोपहर संदिग्ध हालात में घर के अंदर झुलस गए। आग की लपटें इतनी तेज थी कि पूरा घर जल गया। इसकी चपेट में अगल-बगल के घर भी आ गए। देखते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। आनन-फानन दंपती व बच्चों को बाहर निकाला गया। इसके बाद झुलसे दंपती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया। रास्ते में उर्मिला की मौत हो गई। बड़ी पुत्री दीपांशी ने बताया कि मां उर्मिला देवी घर के अंदर चूल्हे में दूध पका रही थीं। तभी आग की चिंगारी से मां की साड़ी में आग लग गई। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर बचाने पहुंचे पिता के कपड़ों में भी आग लग गई। इधर, गांव में चर्चा है कि मामला संदिग्ध है। सीएमओ डाॅ. भूपेश द्विवेदी ने बताया कि दंपती से केरोसिन की दुर्गंध आ रही है।
झुलसा शिवशरण टेंपो चलाता है। मंगलवार की दोपहर को दो बजे टेंपो चलाने के बाद घर आया था। इसके बाद घर में पत्नी से क्या बात हुई इसकी जानकारी नहीं है। घटना की जानकारी होते ही मौके पर सदर विधायक अनिल प्रधान, डीएम अभिषेक आनंद , एसपी अरुण कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. भूपेश द्विवेदी व सदर एसडीएम सौरभ यादव सहित अन्य अधिकारी पहुंचकर पड़ताल की। इस मामले में एसपी ने बताया कि मामला संदिग्ध तो लगता है लेकिन दंपती की बेटी के बयान के हिसाब से जांच की जा रही है। अन्य पहलुओं पर जांच के लिए फोरेंसिंक टीम भी बुलाई गई है।