शिक्षक विधायक सुरेश कुमार त्रिपाठी की अगुवाई में उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया। इसमें शिक्षकों ने आरोप लगाया कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में भ्रष्टाचार व्याप्त है।
शिक्षक विधायक ने कहा कि कई अधिकारी और कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। सीएम इसे नियंत्रित करने में असफल दिख रहे हैं। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक से भी अपील की कि वह शिक्षकों की समस्याओं को सुनें। साथ ही कहा कि अगर शिक्षकों की अनदेखी की गई तो फिर से धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बताया कि 24 अप्रैल को शिक्षा निदेशालय इलाहाबाद में धरने का आयोजन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की हदें पार होने पर ही प्रदर्शन को मजबूर होना पड़ा।
समय से देयकों के भुगतान, मऊ और खंडेहा के शिक्षकों के वेतन का भुगतान, व्यावसायिक शिक्षकों के मानदेय का भुगतान आदि मुद्दे भी उठाए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेमप्रकाश मौर्य के कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। मौके पर सूर्यभान सिंह, हरकेश बहादुर सिंह, फूलचंद्र द्विवेदी, शिवाकांत द्विवेदी, शंकर प्रसाद यादव, इंद्रभान पांडे आदि मौजूद रहे।