शिवरामपुर (चित्रकूट)। हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर पहरा में सास-बहू और बेटा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें तीनों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
रविवार को कार्यक्रम का उद्घाटन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इटखरी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ नंदकिशोर ने किया, कहाकि सम्मेलन का उद्देश्य सास-बहू और बेटा के बीच समन्वय बनाकर संवाद कराना है। ताकि लोगों को जागरूक कर परिवार नियोजन के साधनों का प्रयोग किया जा सके। परिवार कल्याण विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने परिवार नियोजन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिनका परिवार पूर्ण हो गया है ऐसे दंपति परिवार नियोजन के स्थायी साधन यानी नसबंदी अपना सकते हैं।
कम्युनिटी हेल्थ अफसर नीलू द्विवेदी ने स्तनपान के फायदे गिनाए। उन्होंने कहा कि प्रसव के बाद मां का गाढ़ा पीला दूध बच्चे के लिए टॉनिक का काम करता है। स्तनपान से बच्चा स्वस्थ रहता है। साथ ही स्तनपान मां के लिए गर्भनिरोधक का भी काम करता है। कार्यक्त्रस्म में नई पहल किट वितरित की गई। इस मौके पर डा. मनीष आशा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ सास-बहू और बेटा सहित ढाई सौ से अधिक लोग मौजूद रहे।