चित्रकूट। मानिकपुर के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में काम करने वाले मजदूरों सहित अन्य काम का भुगतान में घूस मांगने का आरोप ठेकेदार ने कार्यदायी संस्था पर लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। इस पर जिलाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं।
ठेकेदार अवध कुमार मिश्रा ने बताया कि विद्यालय निर्माण का काम पूरा हो गया। इसमें मजदूर, मिस्त्री, मशीन, सीमेंट सहित अन्य काम का सवा छह लाख रुपये का भुगतान शेष है। उसने भुगतान के लिए उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर से कहा तो उन्होंने 50 हजार रुपये रिश्वत के रूप में मांग की, न देने पर अभी तक भुगतान नहीं किया है। बताया कि भुगतान न होने से मजदूर व मिस्त्री आए दिन घर आ जाते हैं। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। परियोजना निदेशक ने कार्यदायी संस्था के अपर परियोजना प्रबंधक को एक सप्ताह में जांच करने के निर्देश दिए हैं। प्रोजेक्ट मैनेजर रामफल का फोन नहीं उठा है।