चित्रकूट। जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को जिलाध्यक्ष कुशल सिंह पटेल की अध्यक्षता में विजय दिवस मनाया गया। जिलाध्यक्ष ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर एक संगोष्ठी का आयोजन किया। कांग्रेसियों ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनको नमन किया और गोष्ठी का शुभारंभ किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आज के दिन को विजय दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। कहा कि 1971 के युद्ध में आयरन लेडी पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी के नेतृत्व में देश के वीर जवानों ने साहस का परिचय देते हुए पाकिस्तान की सेना को 13 दिनों के अंदर सरेंडर करने को मजबूर कर दिया था।
ऐसी वीरांगना को हम शत शत नमन करते हैं। उन्होंने पाकिस्तान के दो टुकड़े करके बांग्लादेश के रूप में नया देश स्थापित किया था। आज की सरकार जुमले की सरकार है और सेना के नाम पर राजनीति करती है। कांग्रेस पार्टी ने कभी राजनीति में सेना का दुरुपयोग नहीं किया, बल्कि सेना का साहस बढ़ाने का काम किया है।
जिला उपाध्यक्ष रंजना पांडे ने कहा कि हम देश के उन वीर जवानों को नमन करते हैं, जिन्होंने अपने प्राणों की बाजी लगा कर 1971 में पाकिस्तान पर विजय प्राप्त की थी। रमाशंकर मिश्र, वीरेंद्र पांडे, दिनेश मिश्रा, विमल, जय नारायण त्रिपाठी, धर्मेंद्र मिश्रा ,भगवान मिश्रा ,दीपक मिश्रा, विश्वास कुमार, सियाराम, नरेंद्र सिंह, बबलू पांडे व भोला नामदेव मौजूद रहे।