फोटो 19 सीकेटीपी 15- परिचय- संपूर्ण समाधान दिवस पर जन शिकायतों का निस्तारण करते एसपी व अन्य। स
चित्रकूट। संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की उम्मीदें बिखर गईं। राजापुर तहसील में कुल 85 शिकायतें आईं, लेकिन मौके पर सिर्फ पांच का ही निस्तारण हो सका। जमीन विवाद, बिजली और पुलिस से जुड़े मामलों में कोई ठोस समाधान न मिलने पर अधिकतर लोग निराश लौटे। यहां एडीएम व एसपी ने लोगों की समस्याएं सुनीं।
एडीएम उमेश चंद्र निगम ने जमीन के विवादों का निस्तारण मौके पर करने के निर्देश दिए और कहा कि पुरानी लंबित शिकायतों को भी जल्द पूरा किया जाए। एसपी अरुण कुमार सिंह ने थाना स्तर पर आने वाली समस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की ढिलाई न बरतने की चेतावनी दी। समाधान दिवस में सीओ राजकमल, एसडीएम फूलचंद्र यादव और तहसीलदार भारत प्रताप सिंह मौजूद रहे। कर्वी तहसील में एसडीएम पूजा साहू, मानिकपुर में मोहम्मद जसीम और मऊ में रामऋषि रमन ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं, लेकिन समाधान न मिलने से कई फरियादी हताश दिखाई दिए।
इनसेट
केस 1 – हुड़ा गांव के छोटे लाल, भैरों प्रसाद और साधूराम ने बताया कि रसिन गांव के बांध निर्माण के लिए उनकी जमीन ली गई थी, लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिला। कई बार सिंचाई विभाग को पत्र देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
केस 2 – कर्वी तहसील के काजीपुर निवासी फूलचंद्र ने कहा कि गांव स्थित खेत पर चचेरे भाई ने कब्जा कर लिया है। शिकायत के बावजूद एक साल से कोई समाधान नहीं हुआ।
केस 3 – पहाड़ी थाना क्षेत्र की एक महिला ने आरोप लगाया कि 12 सितंबर की रात गांव का ही एक व्यक्ति घर में घुसकर छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, लेकिन थाना पुलिस ने बिना कार्रवाई के छोड़ दिया। पीड़िता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई।