चित्रकूट। जिले में कोरोना वायरस को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पहाड़ी के देहरूच माफी गांव में पुणे से चार युवक गांव लौटे तो ग्रामीणों ने उन्हें गांव के अंदर नहीं आने दिया। ग्रामीणों की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला अस्पताल लाकर उनकी जांच कराई गई। सबकुछ सामान्य मिलने पर गांव भेजा गया। इसी प्रकार शहर के नाव घाट निवासी तीन युवकों के दिल्ली से लौटने पर स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें ले जाकर जांच कराई गई। कालपुर गांव के एक युवक को अपनी जांच कराने के लिए सीएमएस सीएमओ व डीएम तक जाना पड़ा। इसके बाद उसकी जांच हुई जिसमें उसे सिर्फ बुखार ही मिला बाकी सामान्य रहा। कुछ स्थानों पर अफवाहें भी फैलाने का प्रयास किया गया। यूपी-एमपी चित्रकूट सतना मार्ग की सीमा को सील कर दिया गया है। यहां से दो पहिया वाहन की अगले 24 घंटे तक निकलेंगे। स्वास्थ्य विभाग की एक टीम वहां मौजूद रहेगी जो आपातकालीन स्थिति में आने जाने वाला का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। जनता कर्फ्यू के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी कर ली है। जिले में सभी रोडवेज बसों का संचालन बंद रहेगा। पेट्रोल पंप भी बंद रहेंगे।