फोटो-6- घटना के बाद गमगीन परिजन। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
राजापुर (चित्रकूट)। घर के सामने बैठे ग्रामीणों को बेकाबू ट्रैक्टर ने रौंद दिया। इसमें एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। पुलिस का दावा है कि चालक भी घायल हुआ है।
यह दर्दनाक हादसा राजापुर थाना क्षेत्र के सोतीपुरवा गांव में शुक्रवार की देर शाम हुआ। गांव के प्रेमचंद्र (38) पुत्र अवसाददीन यादव घर के बाहर पटिया पर गांव के शंकर पुत्र राजकुमार और चार अन्य लोगों के साथ बैठे थे। इसी दौरान गांव की ओर से कल्टीवेटर लगाए हुए तेज गति से आया ट्रैक्टर इन लोगाें को रौंदता हुआ निकल गया। आगे जाकर ट्रैक्टर भी फंस गया।
ट्रैक्टर छोड़कर चालक सिकंदर भाग निकला। घटनास्थल पर ही प्रेमचंद्र की मौत हो गई। शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद ग्रामीणों में कोहराम मच गया। इसकी सूचना पुलिस दी गई।
थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। घायल को अस्पताल पहुंचाया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम हुआ। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है। प्रेमचंद्र के दो पुत्र और दो पुत्रियों हैं। वह मजदूरी करते थे।
पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर गांव जा रहे लोगों ने राजापुर के पास सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनको समझाया। ग्रामीणाें का आरोप है कि चालक घायल नहीं है, लेकिन उसे बचाने का पुलिस प्रयास कर रही है। ग्रामीणों ने उसकी गिरफ्तारी की मांग की है। संवाद