फोटो-1- डिप्टी सीएम के ट्वीट के बाद आक्रोश जताते साधुसंत महंत। संवाद
- फोटो : CHITRAKOOT
चित्रकूट। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने ट्वीट कर रामचरित मानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली सोरो बताकर नए विवाद को जन्म दे दिया। धर्मनगरी के साधु संतों ने इसका विरोध कर सोशल मीडिया पर उनको ट्रोल किया।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य के उत्तराधिकारी रामचंद्रदास ने डिप्टी सीएम को फोन कर विरोध जताया। बैकफुट पर आए डिप्टी सीएम ने ट्वीट से गोस्वामी तुलसी दास की जन्मस्थली संबंधित लाइनें हटा दी।
शुक्रवार की रात धर्मनगरी के रामायणी कुटी में साधु संत और महंत एकत्र हुए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के गोस्वामी तुलसी दास की जन्मस्थली पर किए टवीट का विरोध किया।
महंत रामहृदय दास, महंत दिव्यजीवन दास, महंत सीताशरण महराज व महंत रामजीदास ने एक सुर में कहा कि गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली चित्रकूट के राजापुर में ही है।
यह अदालत ने माना है। मुख्यमंत्री कार्यालय और अन्य मंत्रियों से फोन पर बात कर महंतों ने विरोध दर्ज कराया। मामला तूल पकड़ता देख डिप्टी सीएम ने रात में ही ट्वीट में जन्मस्थली को लेकर लिखीं लाइनों को हटा दिया।