मऊ। मऊ थाना क्षेत्र के गांव पूरब पताई में सोमवार की शाम दो शव नदी किनारे नालों में फंसे मिले। मरने वालों में एक 45 वर्षीय महिला और 60 वर्षीय पुरुष है। पहचान न हो पाने पर मऊ पुलिस ने नाव हादसे में मरने की आशंका से बांदा पुलिस को सूचना भेजी है।
सोमवार की शाम गांव पूरब पताई के कुछ लोगों ने गांव के पूर्वी छोर पर नाले में एक शव को फंसा देखा। अभी पुलिस को सूचना भेजी ही गई थी कि पश्चिमी छोर के नाले में महिला के शव के मिलने की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची मऊ पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया।
कोतवाल राजीव सिंह ने बताया कि शव काफी हद तक गले हुए थे। ऐसे में उनके करीब दस दिन पुराना होने की आशंका जताई गई। यमुना में बाढ़ का पानी घटने से नालों से पानी उतर गया। इसके बाद शव दिखाई दिए। शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है।